समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए नए निगम कमिश्नर ने बताया “विजन”

ग्वालियर। ग्वालियर निगम के नए कमिश्नर अभिषेक चौधरी ने बताया कि मंगलवार की औपचारिक जनसुनवाई के अलावा, वे महीने के हर शुक्रवार को स्वयं आम जनता से मिलेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने कहा कि सड़कों की हालत, सफाई व्यवस्था और नगर निगम से जुड़ी नागरिक सेवाओं को समय पर पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। शहर की वास्तविक स्थिति को समझने के लिए वे प्रतिदिन सुबह और शाम शहर का भ्रमण करेंगे तथा हर कार्य की सीधे मॉनिटरिंग करेंगे।

आज अपना पदभार ग्रहण करने के बाद नवभारत से विशेष बातचीत में उन्होंने शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं में सुधार और स्वच्छता को लेकर अपना विजन साझा किया।

जब उनसे पूछा कि सुबह अचलेश्वर महादेव पर मंदिर में पूजा में क्या मांगा तो ​नवनियुक्त कमिश्नर ने बताया कि पदभार संभालने से पूर्व उन्होंने सुबह महादेव की पूजा-अर्चना कर ग्वालियर की सुख-समृद्धि और शहरवासियों के हित में निष्ठापूर्वक कार्य करने का आशीर्वाद मांगा।

*​स्मार्ट सिटी की साइकिलें बीएसएफ को दीं, अनुपयोगी पाथवे की होगी समीक्षा*

बातचीत के दौरान जब स्मार्ट सिटी योजना के तहत बनी साइकिल ट्रैक, गोदामों में बंद करोड़ों की साइकिलों और अनुपयोगी ओवरब्रिज/पाथवे पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने माइक वहां मौजूद स्मार्ट सिटी के नए सीईओ प्रतीक राव को दे दिया,राव ने स्थिति स्पष्ट की। सीईओ ने जानकारी दी कि गोदामों में रखी साइकिलों को उपयोग हेतु बीएसएफ को हस्तांतरित कर दिया गया है। वहीं, मुख्य मार्गों पर बने पाथवे और बस स्टॉप पर हुए अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि उनका जनहित में सही उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

*​दुकानदारों के अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई*

सड़कों पर ठेले वालों पर कार्रवाई के मुकाबले बड़े दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर स्टॉल लगाकर किए जाने वाले अतिक्रमण के सवाल पर कमिश्नर ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि आज ही पदभार ग्रहण करने के कारण वे शहर के भ्रमण के दौरान ऐसी सभी जगहों का जायजा लेंगे। नियम तोड़कर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नए निगम कमिश्नर का स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से ​मुनीश सिकरवार अपर आयुक्त, प्रदीप तोमर अपर आयुक्त,​ प्रतीक राव सीईओ, स्मार्ट सिटी आदि मौजूद थे।

Next Post

केंद्र-राज्य सरकार और प्रशासन को घेरते हुए हजारों ग्रामीणों का प्रदर्शन

Tue Aug 25 , 2026
आलीराजपुर। जमीन अधिग्रहण, प्रस्तावित खनिज ब्लॉकों की प्रक्रिया और किसानों को खाद वितरण में आ रही परेशानियों को लेकर मंगलवार को आलीराजपुर में आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल के नेतृत्व में हजारों ग्रामीणों और किसानों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन में […]

You May Like