आशा भोसले के निधन से भारतीय संगीत का एक स्वर्णिम युग समाप्त: सोनिया गांधी

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मशहूर पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें एक राष्ट्रीय धरोहर बताया और कहा कि उनके निधन के साथ भारतीय संगीत का एक स्वर्णिम युग समाप्त हो गया है।

श्रीमती गांधी ने आशा भोसले के पुत्र आनंद भोसले को भेजे एक पत्र में कहा कि वह एक महान कलाकार थीं जिन्हाेंने करोड़ों लोगों के जीवन में अपनी आवाज से खुशियां बिखेरी। उनके निधन से भारतीय संगीत का एक स्वर्णिम युग समाप्त हो गया है। पत्र में उनकी बहुमुखी प्रतिभा का उल्लेख करते हुए श्रीमती गांधी ने कहा है कि आशा भाेसले ने शास्त्रीय, लोक और पॉप संगीत में अपनी अमिट छाप छोड़ी। उनकी आवाज़ और उनका संगीत हमेशा जीवित रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

श्रीमती गांधी ने उन्हें “राष्ट्रीय धरोहर” बताते हुए कहा कि देशभर के संगीत प्रेमी उनके निधन से शोकाकुल हैं।

पत्र में उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में उनके विचार और प्रार्थनाएं परिवार के साथ हैं।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति मिले। गौरतलब है कि मशहूर गायिका आशा भोंसले ने रविवार को 92 वर्ष की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं।

 

 

 

 

Next Post

सुनवाई का अवसर नहीं देना मौलिक अधिकारों का हनन: हाईकोर्ट  

Tue Apr 14 , 2026
जबलपुर। हाईकोर्ट ने अपने अहम फैसले में कहा है कि सुनवाई का अवसर दिये बिना बर्खास्त किया जाना मौलिक अधिकारों का हनन है। हाईकोर्ट जस्टिस विशाल धगट की एकलपीठ ने एफआईआर दर्ज होने तथा 48 घंटो से अधिक निरूध्द रहने के कारण संविदा कर्मचारी को नौकरी के हटाये जाने के […]

You May Like