श्रीजेश पद्म भूषण से होंगे सम्मानित,अश्विन समेत चार को मिलेगा पद्मश्री

नई दिल्ली 26 जनवरी (वार्ता) भारतीय हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर पीआर श्रीजेश और क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन समेत पांच खिलाड़ियों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा।

पीआर श्रीजेश को पद्म भूषण मिलेगा जबकि रविचंद्रन अश्विन, फुटबॉलर आईएम विजयन और भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता तीरंदाज हरविंदर सिंह और पैरा-एथलेटिक्स कोच सत्यपाल सिंह को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा।

भारत रत्न और पद्म विभूषण के बाद पद्म भूषण भारत का तीसरा सबसे बड़ा नागरिक पुरस्कार है। पद्म श्री चौथा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है। पद्म पुरस्कार सरकार द्वारा व्यक्तियों को किसी भी क्षेत्र में उनकी विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।

पीआर श्रीजेश वर्तमान में भारतीय पुरुष जूनियर हॉकी टीम के कोच के रूप में कार्यरत हैं, महान मेजर ध्यानचंद के बाद पद्म भूषण से सम्मानित होने वाले केवल दूसरे हॉकी खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्हें 1956 में इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

श्रीजेश का शानदार करियर 18 साल का रहा और उन्होंने 336 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा थे।

रविचंद्रन अश्विन ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट में भारत के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में संन्यास ले लिया। उन्होंने 106 टेस्ट मैचों में 537 विकेट के साथ अपने टेस्ट करियर का अंत किया। 132 टेस्ट मैचों में 619 विकेटों के साथ सिर्फ अनिल कुंबले के नाम ही सबसे ज्यादा विकेट हैं।

आईएम विजयन ने 1991 में रोमानिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया और 12 साल तक ब्लू टाइगर्स की रीढ़ बने रहे। बाईचुंग भूटिया के साथ उन्होंने एक शानदार अटैकिंग जोड़ी बनाई। उन्होंने 2003 में फुटबॉल से संन्यास लिया।

हरविंदर सिंह ने टोक्यो 2020 में तीरंदाजी में भारत का पहला पदक जीतने के तीन साल बाद, पेरिस 2024 में तीरंदाजी में भारत का पहला पैरालंपिक गोल्ड मेडल जीता। हरविंदर बचपन में डेंगू के कारण अपने पैरों की हरकत खो बैठे थे।

सत्यपाल सिंह भारत के सफल अंतरराष्ट्रीय कोचों में से एक हैं। उन्होंने भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के साथ प्रतियोगिता प्रबंधक और भारतीय पैरा-एथलेटिक्स टीम के कोच के रूप में काम किया। वह पेरिस 2024 पैरालंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट हाई-जंपर प्रवीण कुमार के मेंटर भी रहे हैं।

पद्म पुरस्कार 2025 के लिए कुल 139 विजेताओं का चयन किया गया है। इनमें सात पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं। यह पुरस्कार मार्च-अप्रैल में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किए जाएंगे।

 

 

Next Post

ज्वेरेव को हरा कर सिनर बने ऑॅस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन

Sun Jan 26 , 2025
मेलबर्न, 26 जनवरी (वार्ता) दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी जैनिक सिनर ने रविवार को यहां ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-3, 7-6(4), 6-3 से हरा कर अपने खिताब को बरकरार रखा। रॉड लेवर एरेना में इटली के 23 वर्षीय सिनर ने बिना कोई ब्रेक प्वाइंट गंवाये दुनिया […]

You May Like