हाथ में मशाल, ट्रैक्टर पर सवाल: गुना में किसानों के साथ सड़कों पर उतरी कांग्रेस

गुना: जब वादे कागजी हो जाएं और मेहनत की कीमत मंडियों में दम तोड़ने लगे, तो हल चलाने वाला हाथ विरोध की मशाल थाम लेता है। कुछ ऐसा ही नजारा गुरुवार को गुना के नेशनल हाईवे-46 (बिलोनिया) पर दिखाई दिया, जहाँ कांग्रेस के प्रदेशव्यापी आह्वान पर किसानों का सैलाब उमड़ पड़ा। चक्काजाम ऐसा कि घंटों तक हाईवे पर पहिए थमे रहे और हवा में सिर्फ सरकार के खिलाफ आक्रोश गूंजता रहा।

आंदोलन की अगुवाई कर रहे राघौगढ़ विधायक और कांग्रेस जिला अध्यक्ष जयवर्धन सिंह का अंदाज आज चर्चा का विषय रहा। वे स्वयं ट्रैक्टर चलाकर प्रदर्शन स्थल पहुंचे, जो सीधे तौर पर किसान की शक्ति का प्रतीक था। उनके साथ बमौरी विधायक इंजी. ऋषि अग्रवाल और गुना-अशोकनगर के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। प्रदर्शन केवल नारों तक सीमित नहीं था; जयवर्धन अपने साथ उन किसानों के स्लॉट बुकिंग दस्तावेज लेकर पहुंचे थे, जिन्हें तारीख मिलने के बावजूद केंद्रों से खाली हाथ लौटा दिया गया। सुबह 9 बजे से ही उमड़ी भीड़ और मंडी में नंबर छोड़कर आए किसानों का आक्रोश यह साफ कर गया कि खेती-किसानी के मुद्दे पर अब सियासत की तपिश बढ़ने वाली है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि न्याय नहीं मिला, तो यह चिंगारी प्रदेशभर में उग्र आंदोलन की आग बनेगी।
2700 का वादा और 2000 की मजबूरी
कांग्रेस ने सीधे तौर पर भाजपा सरकार की ‘वादाखिलाफी’ को निशाने पर लिया। आंदोलनकारियों ने हाईवे पर ही गेहूं की बोरियां रखकर सरकार को आईना दिखाया। जयवर्धन ने दावा किया कि 2700 रुपए प्रति क्विंटल का चुनावी वादा करने वाली सरकार के राज में किसान 2 हजार से 2100 रुपए में फसल बेचने को मजबूर है। ग्वालियर-चंबल संभाग में खरीदी सबसे देरी से शुरू की गई, जिससे छोटे किसानों की कमर टूट गई।
यूरिया के लिए ऑनलाइन पंजीयन और ‘दो बीघा पर एक बोरी’ जैसे नियमों को किसानों के “घाव पर नमक” बताया गया।
राष्ट्रपति के नाम 14 सूत्रीय ज्ञापन
आंदोलन के अंत में प्रशासन को राष्ट्रपति के नाम 14 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। जयवर्धन सिंह ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह सरकार केवल चंद उद्योगपतियों के हितों की रक्षा कर रही है, जबकि अन्नदाता घुट-घुटकर जी रहा है।

Next Post

ट्रेन से कटे युवक की मौत

Thu May 7 , 2026
जबलपुर: गोसलपुर थाना अंतर्गत गोसलपुर-सिहोरा रोड स्टेशन के बीच मोहतरा में ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक रेल्वे पाईंट्समैन उमाकांत पाण्डे ने सूचना दी कि गोसलपुर-सिहोरा रोड स्टेशन के बीच मोहतरा में एक युवक 40-45 वर्ष की ट्रेन से टकराने से मौत हो गई। Facebook […]

You May Like

मनोरंजन