मैक्सवेल के नाबाद अर्धशतक से ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को दो विकेट हराया, जीती टी-20 सीरीज

केर्न्स (ऑस्ट्रेलिया), (वार्ता) ग्लेन मैक्सवेल (नाबाद 62) और कप्तान मिचेल मार्श (54) की आतिशी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को तीसरे टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को दो विकेट से हरा दिया। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट लिए 66 रन जोड़े। आठवें ओवर में एडन मारक्रम ने ट्रेविस हेड (19) को आउटकर दक्षिण अफ्रीका को पहली सफलता दिलाई। अगले ओवर में जॉश इंग्लिस (शून्य) को कॉर्बिन बॉश ने बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। 11वें ओवर में वेना मफाका ने मिचेल मार्श को आउट कर पवेलियन भेज दिया। मिचेल मार्श ने 37 गेंदों में पांच छक्कों और तीन चौकों की मदद से 54 रन बनाये।

कैमरन ग्रीन (नौ) और टिम डेविड 17 रन बनाकर आउट हुये। ऐरन हार्डी (एक), बेन ड्वारश्विस (एक), नेथन एलिस (शून्य) के आउट होने से ऑस्ट्रेलिया के सामने हार का संकट खड़ा हो गया। ऐसे समय में ग्लेन मैक्सवेल ने एक गेंद शेष रहते टीम का स्कोर आठ विकेट पर 173 रन पर पहुंचाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। मैक्सवेल ने 36 गेंदों पर नाबाद 62 रन में आठ चौके और दो छक्के लगाए।

दक्षिण अफ्रीका के लिए कॉर्बिन बॉश ने तीन विकेट लिये। कैगिसो रबाडा और वेना मफाका को दो-दो विकेट मिले। एडन मारक्रम ने एक बल्लेबाज काे आउट किया।

इससे पहले आज यहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही और उसने मात्र दो रन के स्कोर पर कप्तान एडम मारक्रम (एक) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये लुआन-द्रे प्रेटोरियस ने रायन रिकलटन के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया।

पांचवें ओवर में नेथन एलिस ने तेजी के साथ रन बना रहे लुआन-द्रे प्रेटोरियस 15 गेंदों में (24) को आउटकर ऑस्ट्रेलिया को दूसरी सफलता दिलाई। रायन रिकलटन 13 रन बनाकर आउट हुये।

इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस और ट्रिस्टन स्टब्स की जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी की। 12वें ओवर में नेथन एलिस ने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। डेवाल्ड ब्रेविस ने 26 गेंदों में एक चौके और छह छक्कों की मदद से (53) रनों की पारी खेली। ट्रिस्टन स्टब्स ने 23 गेंदों में 25 रन बनाये। उन्हें एडम जम्पा ने बोल्ड आउट किया। कॉर्बिन बॉश (एक) और सेनुरन मुथुसामी नौ रन बनाकर आउट हुये।

दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 172 रनों का स्कोर खड़ा किया। रासी वान दर डुसेन ने 26 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 38 रन बनाये। कैगिसो रबाडा चार रन बनाकर नाबाद रहे।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से नेथन एलिस ने तीन विकेट लिये। एडम जम्पा और जॉश हेजलवुड को दो-दो विकेट मिले।

Next Post

एक्सीडेंट में युवक, महिला की मौत

Sun Aug 17 , 2025
जबलपुर: पनागर और भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सडक़ हादसों में युवक और महिला की मौत हो गई। पनागर पुलिस ने बताया कि रमेश बर्मन 55 वर्ष निवासी निपनिया पनागर ने सूचना दी कि उसकी पत्नि विमलेश एवं बेटा सौरभ कुकरई मोटर सायकिल से गये थे। कुकरई से […]

You May Like