हनुमान टेकरी परिसर में गूंजा ‘ॐ’, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गुना में उमड़ा जनसैलाब

गुना:अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को सुबह 6 बजे गुना जिले में भव्य सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुना के सबसे प्रसिद्ध और बड़े धार्मिक स्थल श्री हनुमान टेकरी मंदिर परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में करीब एक हजार योग साधकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और सामूहिक रूप से योग क्रियाएं कीं।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने किया। उनकी अगुवाई में उपस्थित जनसमुदाय और योग साधकों ने लगभग 15 मिनट तक लगातार विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान टेकरी मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह योगमय और ऊर्जा से भरपूर नजर आया। इस मौके पर नागरिकों को संबोधित करते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा योग न केवल हमें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का एकमात्र साधन है, बल्कि नियमित योग के जरिए ढलती हुई उम्र के प्रभावों को भी नियंत्रित किया जा सकता है। यह हमारी जीवनशैली को सुधारने का सबसे सशक्त माध्यम है। इस बार के आयोजन की सबसे खास बात इसका स्थान रही। गुना के आस्था के केंद्र श्री हनुमान टेकरी मंदिर परिसर में कार्यक्रम होने के कारण प्रशासनिक अधिकारियों और योग साधकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंदिर प्रांगण में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग में योग को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।

Next Post

रेवंत रेड्डी ने नीट की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी

Sun Jun 21 , 2026
हैदराबाद, 21 जून (वार्ता) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी और उनसे पूरे आत्मविश्वास के साथ तनावमुक्त होकर परीक्षा को देने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों के नाम […]

You May Like