
इंदौर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहली किस्त जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने वाले रोजगार सहायक को लोकायुक्त इंदौर की टीम ने रंगेहाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के सख्त निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
मामला धार जिले के बदनावर तहसील के सांगवी ग्राम पंचायत का है। यहां के निवासी अनिल निनामा पिता रूगनाथ निनामा (उम्र 25 वर्ष) ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे और उसकी मां को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनकी पहली किस्त 25-25 हजार रुपये मिलनी है। लेकिन ग्राम पंचायत सांगवी में पदस्थ रोजगार सहायक मदनलाल डामर (उम्र 38 वर्ष) ने खाते में राशि डालने के बदले 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सहाय, विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त इंदौर के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। ट्रैप दल का गठन कर कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी मदनलाल डामर को 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई बदनावर में जारी है।
