
कटनी। शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित ब्लैक मार्केटिंग और उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी बुकिंग का मामला सामने आया है। उपभोक्ता ने आरोप लगाया है कि उसके गैस कनेक्शन पर बिना किसी बुकिंग के फरवरी माह में एक सिलेंडर तथा 15 मई को दूसरा सिलेंडर स्वतः बुक होकर डिलीवर भी दिखा दिया गया, जबकि उसने स्वयं किसी प्रकार की बुकिंग नहीं कराई।
मामला अशोक एच.पी. गैस एजेंसी से जुड़ा बताया जा रहा है। उपभोक्ता के अनुसार न तो रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से कोई कॉल या बुकिंग की गई और न ही गैस डायरी (कार्ड) में सिलेंडर वितरण की कोई एंट्री दर्ज है। इसके बावजूद सिस्टम में सिलेंडर की डिलीवरी दर्शाई जा रही है।
उपभोक्ता ने आशंका जताई है कि इस तरह की फर्जी बुकिंग कर घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं तो यह उपभोक्ता अधिकारों का गंभीर उल्लंघन होने के साथ-साथ शासन की गैस वितरण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई उपभोक्ताओं को ऐसी शिकायतें पहले भी रही हैं, लेकिन जांच के अभाव में मामले दब जाते हैं। अब उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग और तेल कंपनी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
