
रीवा: विंध्य क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी अब नई ऊंचाई छू रही है। रीवा एयरपोर्ट से अब तक 30,152 यात्री सफर कर चुके हैं। ये आंकड़ा दिखाता है कि यहां के लोगों ने हवाई सेवा को खुले दिल से अपनाया है। अभी रीवा से दिल्ली, इंदौर और रायपुर के लिए 72 सीटर विमान नियमित रूप से उड़ान भर रहे हैं।
दिल्ली से हुई थी शुरुआत
10 नवंबर 2025 को रीवा से दिल्ली के लिए पहली नियमित 72 सीटर उड़ान शुरू हुई थी। देश की राजधानी से सीधा जुड़ाव मिलने के बाद व्यापारियों, छात्रों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को लंबी सड़क-रेल यात्रा से राहत मिली। इस रूट पर रीवा से दिल्ली तक 5219 यात्रियों ने यात्रा की, जबकि दिल्ली से रीवा 5244 यात्री आए।
रायपुर-इंदौर से जुड़ा रीवा
हवाई नेटवर्क का विस्तार 22 दिसंबर 2025 को हुआ जब रीवा-इंदौर फ्लाइट शुरू की गई। प्रदेश के व्यावसायिक केंद्र इंदौर से जुड़ने का फायदा चिकित्सा, शिक्षा और कारोबार से जुड़े लोगों को मिल रहा है। इस मार्ग पर रीवा से इंदौर 8918 और इंदौर से रीवा 8936 लोगों ने सफर किया। इसके बाद 17 मार्च 2026 से रीवा-रायपुर सेवा शुरू हुई। इससे मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच आवागमन आसान हुआ। रीवा से रायपुर 1053 और रायपुर से रीवा 782 यात्रियों ने उड़ान भरी।
अगस्त में भोपाल-कोलकाता से जुड़ाव संभव
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अगस्त में भोपाल और कोलकाता के लिए भी सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है। एयरलाइंस की तरफ से संचालन की सहमति मिल चुकी है। इससे पहले रीवा से भोपाल के लिए सिर्फ 9 सीटर विमान ही उपलब्ध था।
विकास को मिल रही नई उड़ान
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल का कहना है कि हवाई सेवाओं के विस्तार से सिर्फ सफर आसान नहीं हुआ, बल्कि पर्यटन, निवेश, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को भी रफ्तार मिली है। रीवा एयरपोर्ट विंध्य के विकास के लिए नए दरवाजे खोल रहा है।
एक नजर में आंकड़े
– कुल यात्री: 30,152 (25 जुलाई तक)
– दिल्ली: रीवा से 5219, दिल्ली से 5244
– इंदौर: रीवा से 8918, इंदौर से 8936
– रायपुर: रीवा से 1053, रायपुर से 782
– पहले दिन: इंदौर से रीवा 40 यात्रियों ने किया सफर
