
बालाघाट। आदिवासी बहुल क्षेत्र बैहर में 21 अगस्त को विशाल नि:शुल्क महाआरोग्य स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर एकलव्य विद्यालय बैहर में प्रातः 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। शिविर में प्रमुख रूप से सिकल सेल, एनीमिया, टीबी, आंख, नाक-कान-गला, दांत, स्त्री रोग, सर्वाइकल कैंसर, हृदय रोग, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर समेत सभी प्रकार की बीमारियों की जांच एवं उपचार नि:शुल्क किया जाएगा। साथ ही पोषण किट और चश्मों का भी वितरण होगा।
इस शिविर का आयोजन बालाघाट-सिवनी संसदीय क्षेत्र की सांसद भारती पारधी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रायः स्वास्थ्य शिविर शहरी क्षेत्रों तक सीमित रहते हैं, लेकिन इस बार वनांचल बैहर को चुना गया है ताकि यहां के आदिवासी जन लाभान्वित हो सकें। उन्होंने बैहर एवं आसपास के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराने की अपील की है।
