
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति सूची जारी होने के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया एवं व्हाट्सऐप-फेसबुक पर वरिष्ठ नेतृत्व के खिलाफ दिए जा रहे वक्तव्यों पर कड़ा रुख अपनाया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने चेतावनी पत्र जारी किया है।
पत्र में कहा गया है कि ऐसे बयान घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आते हैं और पार्टी आंतरिक लोकतंत्र का सम्मान करती है। लेकिन जिला स्तर पर जिला समन्वय समितियों से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक पार्टी मंच मौजूद हैं, जहां कार्यकर्ता अपनी भावनाएं प्रकट कर सकते हैं।
सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कहा गया है कि वे सोशल मीडिया या अन्य प्लेटफॉर्म पर डाले गए पार्टी या नेता विरोधी वक्तव्यों को 24 घंटे के भीतर हटा लें। निर्धारित समयसीमा में पोस्ट न हटाने वालों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
