
भोपाल: कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी को मजबूत करने और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी क्षमता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 7वीं वाहिनी विसबल, भोपाल द्वारा 19 दिसंबर को प्रातः 10 बजे मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में व्यापक बलवा नियंत्रण ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास सेनानी हितेश चौधरी के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में सम्पन्न हुआ, जिसमें वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
ड्रिल के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को भीड़ प्रबंधन, सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने तथा बलवा जैसी परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अभ्यास के लिए सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जिनसे विशेष बलवा नियंत्रण टोलियां और बलवाई दल गठित किए गए। योजनाबद्ध रूप से संघर्ष की स्थिति उत्पन्न की गई, जिस पर बलवा नियंत्रण दलों ने रणनीतिक उपाय अपनाते हुए नियंत्रित ढंग से अश्रुगैस का प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।
अभ्यास के दौरान कुछ कर्मियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। ड्रिल के समापन तक सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षित रहे। सेनानी चौधरी ने अभ्यास के दौरान संयम, सतर्कता और वास्तविक परिस्थितियों में रणनीतिक निर्णय लेने पर विशेष बल दिया।
ड्रिल के उपरांत सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के प्रथम चरण में अनुशासन एवं मर्यादित जीवन अभियान के अंतर्गत तीन अधिकारी-कर्मचारियों को नशीले पदार्थों से पूर्ण मुक्ति का संकल्प लेने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके बाद सेनानी ने कर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के निर्देश दिए। इस पूरे आयोजन से वाहिनी में मनोबल, अनुशासन और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
