जो तुमको हो पसंद वही बात कहेंगे..!

सियासत

सुपरस्टार राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर की अपने समय की क्लासिक मेन स्ट्रीम फिल्म थी सफर, जिसका मुकेश द्वारा गया गीत है जो तुमको पसंद हो वही बात कहेंगे.. तुम दिन को रात कहो तो रात कहेंगे. यदि इस गीत का मंतव्य भारतीय राजनीति के संदर्भ में फिट किया जाए तो कांग्रेसी हमेशा वही बात बोलते हैं, मंचों से कहते हैं या लिखते हैं जो कांग्रेस के प्रथम परिवार को पसंद हो!

इस समय प्रथम परिवार का राजनीतिक नेतृत्व कर रहे हैं राहुल गांधी, सो जाहिर है अहमदाबाद के अधिवेशन में जिस भी कांग्रेसी वक्ता को मौका मिला, उसने उन्हीं मुद्दों पर बात की जिन पर बात करने से राहुल गांधी संतुष्ट होते हैं या खुश होते हैं. सूत्रों के अनुसार राहुल के समक्ष मध्य प्रदेश से कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को बोलने का मौका मिला.

बोले तो कमलेश्वर पटेल और उमंग सिंघार भी, लेकिन इन दोनों ने मध्य प्रदेश की राजनीति और यहां की सरकार के खिलाफ के मुद्दों पर फोकस रखा, लेकिन जीतू पटवारी संघ, मोदी, योगी आदि पर बोलते रहे! जीतू पटवारी की आदत है कि वो ग्राम पंचायत के चुनाव में भी मोदी के खिलाफ बोलते हैं. ऐसा इसलिए ताकि उनके भाषण की वीडियो रिकॉर्डिंग उनकी टीम बनाएं और उसे राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल को भेज दें. बहरहाल, कमलनाथ अनुभवी नेता है उन्होंने ईवीएम के खिलाफ बात की. कुल मिलाकर कांग्रेस प्रदेश समिति की राजनीति में कमलनाथ की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई. जाहिर है यह बात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मौजूदा निजाम को पसंद नहीं आ रही होगी!

Next Post

गुना रेलवे स्टेशन पर मिली नाबालिग बालिका को परिजनों को सौंपा

Tue Apr 15 , 2025
इंदौर: रेलवे स्टेशन गुना पर चेकिंग के दौरान असंरक्षित अवस्था में मिली 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को जीआरपी गुना ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया. जीआरपी थाने से मिली जानकारी के अनुसार 13 अप्रैल की रात जीआरपी टीम प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रही थी, तभी उन्हें […]

You May Like