मप्र पुलिस साप्ताहिक ध्यान कार्यक्रम की शुरुआत करेगी

भोपाल: विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस ने राज्यभर के पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और समग्र कल्याण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार 21 दिसंबर से प्रदेश के सभी पुलिस थानों में साप्ताहिक ध्यान कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा।

यह पहल मध्यप्रदेश पुलिस और हार्टफुलनेस संस्था के बीच 2 फरवरी को हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत लागू की जा रही है, जिसके अंतर्गत पुलिसकर्मियों को निःशुल्क ध्यान प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत पुलिस थानों, यातायात इकाइयों, महिला थानों, अनुसूचित जाति/जनजाति इकाइयों और अपराध शाखाओं सहित प्रदेश की 1,000 से अधिक पुलिस इकाइयों में प्रत्येक रविवार नियमित ध्यान सत्र आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर हार्टफुलनेस प्रशिक्षकों एवं समन्वयकों की उपस्थिति में एक सामूहिक ऑनलाइन ध्यान सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी थानों के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सहभागिता करेंगे। प्रत्येक जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि थानास्तर पर समन्वयक निर्धारित किए गए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे से 11.15 बजे तक विश्राम, मार्गदर्शित ध्यान एवं आत्मावलोकन सत्र आयोजित होंगे। इस दौरान हार्टफुलनेस मुख्यालय कान्हा शांतिवनम, हैदराबाद से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा इसे “खुश रहने का प्रयोग” बताते हुए कहा गया है कि इस पहल से पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों में मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।

Next Post

एमपीसी की बैठक में सदस्यों ने निर्यात, औद्योगिक उत्पादन में गिरावट पर जताई थी चिंता

Fri Dec 19 , 2025
मुंबई, 19 दिसंबर (वार्ता) रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की इस महीने के शुरू में हुई बैठक में सदस्यों ने निर्यात और औद्योगिक उत्पादन में गिरावट को लेकर चिंता जताई थी और भविष्य के लिए रुख को तटस्थ बनाये रखने का निर्णय किया था। केंद्रीय बैंक ने शुक्रवार […]

You May Like

मनोरंजन