
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड भोपाल इकाई के मानव संसाधन विकास केंद्र में नव-नियुक्त आर्टीजनों के लिए 12 दिवसीय एएम-2 ओरिएंटेशन मॉड्यूल का शुभारंभ किया गया। प्रवीण ट्रेनिंग मैनुअल के अंतर्गत आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 19 मई से 1 जून तक चलेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टी. यू. सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (एचआरडी) आरिफ अहमद सिद्दीकी तथा अपर महाप्रबंधक (एचआरएम) सुरेखा बंछोर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सिद्दीकी ने 300 दिवसीय प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी दी और प्रशिक्षण को समर्पण एवं व्यावसायिक दक्षता के साथ पूर्ण करने का आह्वान किया।
सुरेखा बंछोर ने कंपनी की प्रगति तथा ऑर्डर निष्पादन में नव-नियुक्त कर्मचारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कौशल विकास पर जोर दिया। उन्होंने प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण से अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
टी. यू. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मानव संसाधन टीम कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव उपलब्ध रहेगी। उन्होंने अनुशासन, बहु-कौशल विकास और नई तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान एचआरडी वर्कशॉप टीम द्वारा तैयार प्रवीण ट्रेनिंग मैनुअल के हिंदी संस्करण का विमोचन भी किया गया, जिसे प्रशिक्षुओं को वितरित किया गया ताकि वे प्रशिक्षण सामग्री को बेहतर ढंग से समझ सकें।
