चोरल डेम के पास चल रहा था जुए का अड्डा, 15 गिरफ्तार

इंदौर/महू: बड़गोंदा पुलिस ने चोरल डेम के पास ग्राम रामपुरिया में खुले खेत में चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश देकर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई में पुलिस ने नकदी, वाहन, मोबाइल सहित कुल 28 लाख 80 हजार 310 का माल जब्त किया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल कदम समेत 3 आरोपी मौके से फरार हो गए.
थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि सोमवार 8 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामपुरिया में महेश गिनावा के घर के पास खेत में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां खेत के पास कार और मोटरसाइकिल खड़ी मिलीं. घेराबंदी कर पुलिस ने दबिश दी और 15 आरोपियों को पकड़ लिया.

ये हैं आरोपी और मौके से जब्त मशरुका
गिरफ्तार आरोपियों में उस्मान शाह, वहिद खान, घनश्याम चौहान, प्रेमचंद उर्फ बंटी शर्मा, अकबर शाह, देवेन्द्र सोलंकी, मुरली गिनावा, मो. सलमान, विशाल पटेल, मोहित शर्मा, जफर खान, राज यादव, अजहर शेख, मनीष सोनी और प्रशांत उर्फ पिंटू इश्वरे शामिल हैं. मौके से पुलिस ने 52 पत्तों की दो खुली गड्डी, दो सीलबंद गड्डी, 1 लाख 76 हजार 260 रुपए नकद, 15 मोबाइल, दो एयर गन, चार कारें (डिजायर, बलेनो, आर्टिका, डिजायर) तथा तीन दोपहिया वाहन (हिरो स्प्लेंडर, सुजुकी एक्सेस, स्प्लेंडर) जब्त किए. जब्त संपत्ति की कीमत करीब 27 लाख रुपए आंकी गई है, जबकि कुल जब्ती 28 लाख 80 हजार 310 रुपए है.
मुख्य सरगना सहित 3 आरोपी फरार
कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी राहुल कदम, महेश गिनावा और चंद्रप्रकाश केतवास झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए, जिनकी तलाश जारी है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा

Next Post

भीषण गर्मी के चलते वार्ड 54 में पानी के लिए हाहाकार

Tue Jun 9 , 2026
इंदौर:भीषण गर्मी के इस मौसम में शहर के वाशिंदे गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं. हालांकि शहर के अधिकांश क्षेत्रों में नर्मदा लाइन के बावजूद कम प्रेशर से पानी आने, शुरू में गंदा पानी आने और बहुत ही कम समय नल चलने से परेशान हैं. पानी की पूर्ति नहीं […]

You May Like