
जबलपुर। जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण)अध्यक्ष संजय यादव के नेतृत्व में ‘पोल खोल – हल्ला बोल आंदोलन के अंतर्गत कांग्रेसियों द्वारा उप तहसील कार्यालय का घेराव कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। आंदोलन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव में बिक रही अवैध शराब पर तत्काल रोक लगाने, तहसील कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अवैध शराब के कारोबार से सामाजिक वातावरण दूषित हो रहा है तथा प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है। वहीं तहसील कार्यालयों में आम जनता को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों और भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष संजय यादव, संतोष डहेरिया, मन्नी बाई, हरि चक्रवर्ती, समलू सिंह मरावी, चतुर सिंह लोधी, परमलाल अहिरवार, कोड़ी लाल राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
