
सीधी। जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन एवं गांधी चौक पार्किंग स्थल पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में संगठन की मजबूती, सोशल मीडिया की भूमिका, नीट पेपर लीक मामला एवं छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जवाहर कांग्रेस भवन में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया वॉरियर प्रतिभा एक खोज अभियान के अंतर्गत सोशल मीडिया साथियों के साक्षात्कार एवं संवाद कार्यक्रम से हुई। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह एवं जिला सोशल मीडिया प्रभारी रामनिवास तिवारी ने सोशल मीडिया साथियों से संवाद किया। इस दौरान उनके विचारों, अनुभवों और संगठन के प्रति समर्पण को जाना गया। ज्ञान सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का मजबूत माध्यम बन चुका है। कार्यकर्ताओं को जनता के मुद्दों, युवाओं की समस्याओं और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती के साथ आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर सोशल मीडिया के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह, प्रदेश महासचिव रविनाथ गोस्वामी एवं जिला अध्यक्ष नागेश्वर साकेत का विशेष सहयोग रहा। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे जवाहर कांग्रेस भवन में नीट पेपर लीक मामले को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में अनियमितताओं से लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य पर गंभीर प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा और नीट पेपर लीक मामले में दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
००
विभाग व प्रकोष्ठों की बैठक में हुआ मंथन
शाम 5 बजे जवाहर कांग्रेस भवन में सहयोगी संगठन विभाग एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ एवं जमीनी स्तर पर मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा की गई। ज्ञान सिंह ने कहा कि कांग्रेस संगठन की वास्तविक ताकत कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से सीधे जुड़ाव में है। सभी पदाधिकारी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहें। नीट मुद्दे पर राष्ट्रव्यापी संवाद कार्यक्रम में राहुल गांधी के संबोधन का सीधा प्रसारण, युवाओं को दिया मार्गदर्शन दिन के अंतिम कार्यक्रम के रूप में शाम 6 बजे गांधी चौक पार्किंग स्थल पर नीट मुद्दे को लेकर राष्ट्रव्यापी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
००००००००००००
