नयी दिल्ली, 04 सितंबर (वार्ता) भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने जीएसटी दरों में सुधार और देश की जनता को दिवाली का उपहार देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए इसे देश के विकास और जनता के हित में ऐतिहासिक निर्णय बताया है। भाजपा नेताओं ने इस ऐतिहासिक निर्णय की सराहना सोशल मीडिया पर की है।
भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने जीएसटी में कमी पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आम जनता के हितों का ध्यान रखते हुए और विकास को गति देने के लिए जीएसटी सुधारों की घोषणा की है। इससे आम जनता का जीवनयापन आसान होने के साथ व्यापार करने में आसानी होगी। इस कदम से देश भर के छोटे व्यवसाय सशक्त होंगे। श्री नड्डा ने जीएसटी दरों में कमी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के दूरदर्शी निर्णय के लिए आभार जताया है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जीएसटी सुधार पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने वादों पर खरे उतरते हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों में कटौती और प्रक्रिया सुधारों का यह ऐतिहासिक निर्णय गरीब और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत प्रदान करेगा। इससे किसानों, एमएसएमई, महिलाओं और युवाओं को भी सहारा मिलेगा। केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों को सरल बनाकर आम नागरिकों पर बोझ कम करने, जीवनयापन को आसान बनाने के साथ ही छोटे व्यापारियों और उद्यमियों के लिए आसान व्यापार करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने जीएसटी सुधारों पर कहा कि इस फैसले से विभिन्न क्षेत्रों में राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण वस्तुओं के दामों कमी से लोगों का जीवन आसान होने के साथ व्यापार करने में आसानी होगी। यह छोटे व्यवसायों को सशक्त बनाएगा और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देगा। श्री सिंह ने कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करता हूँ।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, केंद्र सरकार ने विकास और प्रगति को और तेज करने के लिए जीएसटी सुधारों की घोषणा की है। इस पहल से कई आवश्यक उत्पादों की दरों में कमी से लोगों का जीवन आसान होगा, परिवारों को लागत प्रबंधन करने में मदद और राहत मिलेगी। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस दूरदर्शी निर्णय के लिए धन्यवाद और कृतज्ञता जताई है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जीएसटी सुधारों ओर ऐतिहासिक दिवाली उपहार देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सुधारों के प्रस्तावों के अनुरूप जीएसटी दरों में कटौती की हैं। इससे नागरिकों का जीवन आसान होगा। एमएसएमई, मध्यम वर्ग, महिलाओं और युवाओं को इसका सीधा लाभ होगा। इसके अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा मिलेगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को दीपावली से पहले जो ऐतिहासिक उपहार दिया है, उससे दिल्ली के हर परिवार को बड़ी राहत मिलेगी। जीएसटी परिषद द्वारा दरों में कटौती और सुधारों की स्वीकृति से आमजन, किसान, एमएसएमई, मध्यम वर्ग, महिलाएं और युवा—सभी को फायदा होगा। रोज़मर्रा का खर्च घटेगा और हर घर में बचत होगी। व्यापार को भी नई गति और मजबूती मिलेगी। यह निर्णय दिल्ली को ‘इज ऑफ लिविंग और ‘इज ऑफ डूइंग बिजनस’ दोनों में नई ऊंचाई देगा।

