नयी दिल्ली, 09 जून (वार्ता) रक्षा, विमानन और सुरक्षा समाधान के क्षेत्र में काम करने वाली वैश्विक कंपनी बीएई सिस्टम्स ने टोनी वॉल्टन को भारत के लिए अपना नया प्रबंध निदेशक (एमडी) बनाया है।
कंपनी ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि श्री वॉल्टन ने एमडी के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। वह भारत में कंपनी के संचालन का नेतृत्व करेंगे। उनकी जिम्मेदारियों में पहले से मौजूद कारोबार के विस्तार के अलावा नये व्यावसायिक अवसरों का विकास तथा भारतीय रक्षा क्षेत्र के साथ अधिक सहयोग को बढ़ावा देना शामिल होगा।
श्री वॉल्टन के पास रक्षा उद्योग और सैन्य क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। वह साल 2022 में बीएई सिस्टम्स से जुड़े थे और हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में गाइडेड वेपन्स का नेतृत्व कर रहे थे। बीएई सिस्टम्स से पहले उन्होंने आठ साल तक थेल्स ऑस्ट्रेलिया में काम किया था, जहां वह मुख्य रूप से व्हीकल्स एंड टैक्टिकल सिस्टम्स व्यवसाय इकाई के लिए बिड डायरेक्टर रहे।
अपने करियर के शुरुआती चरण में उन्होंने जेनरल डायनामिक्स यूरोपियन लैंड सिस्टम्स में स्विट्जरलैंड स्थित नवाचार निदेशक के रूप में काम किया और ऑस्ट्रिया, जर्मनी, स्पेन तथा स्विट्जरलैंड सहित कई यूरोपीय बाजारों में उत्पाद विकास और प्रौद्योगिकी संबंधी पहलों का नेतृत्व किया।
श्री वॉल्टन ने अपने करियर की शुरुआत रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी में एक अधिकारी के रूप में की। वह ऑस्ट्रेलियन डिफेंस फोर्स अकादमी के स्नातक हैं और रॉयल मेलबोर्न इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त कर चुके हैं।
