
इंदौर। जेल रोड स्थित डीआरपी लाइन चौराहे पर देर रात बाइक और बुलेट की जोरदार टक्कर में दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है और अस्पताल में इलाज जारी है। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जब एक बाइक सवार चौराहे पर यू-टर्न ले रहा था। इसी दौरान जेल की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बुलेट सवार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद कर दोनों घायलों को उठाया और एंबुलेंस का इंतजार किए बिना रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया। दोनों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। इसी दौरान राजकुमार ब्रिज रोड पर एक अलग हादसे में रिक्शा पलट गया। रिक्शा में चालक समेत तीन लोग सवार थे, जिनमें एक बच्चा भी शामिल था। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त रिक्शा को जब्त कर लिया है।
