नयी दिल्ली 27 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते को दोनों देशों की साझेदारी में ऐतिहासिक क्षण करार देते हुए सोमवार को कहा कि इससे दोनों देशों के लिए अधिक समृद्ध और गतिशील भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा। दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौता होने के बाद श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा,” आज भारत-न्यूज़ीलैंड साझेदारी में एक ऐतिहासिक क्षण है! मुझे अत्यंत हर्ष है कि आज हस्ताक्षरित भारत-न्यूज़ीलैंड मुक्त व्यापार समझौता (एफ़टीए) हमारी विकासात्मक साझेदारी को अभूतपूर्व गति देगा। यह हमारे दोनों देशों को जोड़ने वाले गहरे विश्वास, साझा मूल्यों और महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।”
उन्होंने कहा कि यह समझौता हमारे किसानों, युवाओं, महिलाओं, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों, कारीगरों, स्टार्टअप, विद्यार्थियों और नवोन्मेषकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। यह विकास के नए मार्ग खोलेगा, अवसर उत्पन्न करेगा और विभिन्न क्षेत्रों में हमारी समन्वयता को और सुदृढ़ करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूज़ीलैंड द्वारा 20 अरब डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता कृषि, विनिर्माण, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और मजबूत करेगी, जिससे दोनों देशों के लिए अधिक समृद्ध और गतिशील भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा। उल्लेखनीय है कि भारत और न्यूजीलैंड ने लंबे अरसे के बाद एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते ( पर हस्ताक्षर किए हैं जिसका उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करना और भारतीय निर्यातकों को न्यूजीलैंड के बाजार में शुल्क-मुक्त पहुंच प्रदान करना है।

