भोपाल, 25 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के राज्य आनंद संस्थान के सीईओ आशीष कुमार ने कहा कि जनता के बीच सीधे जाकर काम करने वाले अधिकारियों का तनाव मुक्त रहना जरूरी है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षण प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान भोपाल में खाद्य विभाग के 70 अधिकारियों ने तीन दिवसीय आवासीय आनंदम सहयोगी प्रशिक्षण लिया। इस प्रशिक्षण के समापन सत्र में राज्य आनंद संस्थान के सीईओ श्री कुमार ने कहा कि जनता के बीच सीधे जाकर काम करने वाले अधिकारियों का तनाव मुक्त रहना जरूरी है। आनंद विभाग के इस प्रशिक्षण से अधिकारियों-कर्मचारियों में अंतर्विरोध कम होगा, दूसरों से अच्छा व्यवहार करने में मदद मिलेगी, उनके खुद के जीवन में आये सकारात्मक बदलाव से समाज में परिवर्तन आएगा।
इस मौके पर संयुक्त संचालक खाद्य की श्रीमती सुकृति सिंह ने कहा कि प्रदेश के खाद्य अधिकारियों कर्मचारियों का प्रशिक्षण जारी रहेगा। प्रत्येक माह कम से कम दो प्रशिक्षण सत्र जरूर आयोजित होते रहेंगे। यह प्रशिक्षण परस्पर मेलजोल की जगह चेतना को जागृत करने पर केंद्रित है।
