एमआईटीएस में हुआ व्यास पूजन एवं व्याख्यान

ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान, ग्वालियर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा व्यास पूजन एवं व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मौर्य ने बताया कि यह आयोजन गुरु पूर्णिमा पर भारतीय ज्ञान परंपरा, गुरु-शिष्य संबंध और नैतिक मूल्यों को उजागर करने हेतु हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एमिटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. एस. तोमर उपस्थित रहे। उन्होंने व्यास परंपरा और शिक्षकों की समाज में भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा, गुरु किसी भी सभ्य समाज की नींव होते हैं। वे न केवल ज्ञान प्रदान करते हैं, बल्कि जीवन के मूल्यों की भी शिक्षा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने और जीवन में नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पंकज नाफड़े ने विचार व्यक्त करते हुए भारतीय परंपरा में व्यास जी की महत्ता और आधुनिक समय में उस परंपरा के प्रासंगिक स्वरूप पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि गुरु ही वह दीप हैं जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर करते हैं। युवा वर्ग को भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के साथ जुड़ना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम की शुरुआत व्यास पूजन से हुई, जिसमें संस्थान के शिक्षकों, अधिकारियों और छात्रों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का आयोजन एमआईटीएस ग्वालियर परिसर में किया गया। आयोजन का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवक प्रज्ज्वल शर्मा, कृष्णा अग्रवाल एवं अन्य स्वयंसेवकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम अधिकारी दीप किशोर परसेडीया एवं सुरेंद्र चौरसिया ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा इस प्रकार के आयोजनों की निरंतरता की आवश्यकता पर बल दिया।

Next Post

कारगिल युद्ध के नायकों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

Sat Aug 2 , 2025
ग्वालियर। महारानी लक्ष्मीबाई कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, ग्वालियर में 4 अगस्त को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बृहद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें कारगिल युद्ध के नायकों की बहादुरी एवं वीरता से युवाओं को परिचित कराने के लिए परिचर्चा तथा विचार गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है. […]

You May Like