नयी दिल्ली, 04 सितम्बर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के इंदौर में राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में चूहों के काटने से दो नवजात शिशुओं की मृत्यु को शर्मनाक बताते हुये कहा है कि अस्पतालों का निजीकरण कर भाजपा सरकार गरीबों के लिए उपचार कठिन बना रही है।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर गुरुवार को एक पोस्ट में कहा “इंदौर में मध्य प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में दो नवजात शिशुओं की चूहों के काटने से मौत -यह कोई दुर्घटना नहीं, यह सीधी-सीधी हत्या है। यह घटना इतनी भयावह, अमानवीय और असंवेदनशील है कि इसे सुनकर भी रूह कांप जाए। एक मां की गोद से उसका बच्चा छिन गया, सिर्फ इसलिए क्योंकि सरकार ने अपनी सबसे बुनियादी जिम्मेदारी नहीं निभाई।”
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र को जानबूझकर निजी हाथों में सौंपा -जहां इलाज अब सिर्फ अमीरों के लिए रह गया है और गरीबों के लिए सरकारी अस्पताल जीवनदायी नहीं, मौत के अड्डे बन गये हैं। प्रशासन हर बार की तरह कहता है -‘जांच होगी’ लेकिन सवाल है कि जब आप नवजात शिशु की सुरक्षा तक नहीं कर सकते, तो सरकार चलाने का क्या हक़ है।”
श्री गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को इस घटना के बाद शर्म से सिर झुका लेना चाहिए। आपकी सरकार ने देश के करोड़ों गरीबों से स्वास्थ्य का अधिकार छीन लिया है और अब मां की गोद से उसका बच्चा तक छीनने लगी है।
उन्होंने कहा “ मोदी जी, यह आवाज़ उन लाखों मां-बाप की तरफ से उठ रही है जो आज सरकारी लापरवाही का शिकार हो रहे हैं। क्या जवाब देंगे। हम चुप नहीं रहेंगे। ये लड़ाई हर गरीब, हर परिवार, हर बच्चे के हक़ की है।”

