
छतरपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अवैध रेत ढुलाई और शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से करीब 5 लाख रुपए मूल्य का महिंद्रा 575 ट्रैक्टर और ट्रॉली भी जब्त की है।
ग्राम बृजपुरा की ओर से आ रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहा था। खनिज विभाग की टीम ने जब वाहन को रोककर कागजात मांगे तो आरोपी पक्ष ने विरोध किया और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से भाग निकले।
खनिज टीम की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में शासकीय कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी उपेंद्र यादव, पिता अवध प्रसाद यादव, निवासी छत्रसाल नगर छतरपुर को दबोच लिया। उसके कब्जे से ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त कर ली गई। आरोपी के खिलाफ विधिवत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के निर्देशन और थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक वाल्मीकि चौबे के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासनिक टीम की अहम भूमिका रही।
