
भिंड। नेशनल हाईवे-719 पर हुए भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद जिले में गमगीन माहौल रहा। भवानीपुरा में मातम पसरा रहा, वहीं फूप कस्बे के लोगों ने कैंडल जलाकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम की मांग की।
बुधवार रात मृतिका मोहिनी माथुर (10) का शव एंबुलेंस से ग्वालियर से भिंड लाया गया। शव घर पहुंचते ही मोहल्ले में मातम छा गया। मोहिनी की मां लक्ष्मी और भाई जसवीर, जो इस हादसे में घायल हुए थे, अस्पताल से छुट्टी लेकर घर पहुंचे। अंतिम संस्कार बुधवार रात को किया गया।
इस हादसे में घायल 60 वर्षीय महिला दागश्री की हालत बिगड़ने पर ग्वालियर से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, मीना नामक एक अन्य महिला की हालत ग्वालियर में गंभीर बनी हुई है। उनके सिर में गहरी चोट आई हैं और शरीर की कई हड्डियां टूटी हुई हैं।
यह हादसा मंगलवार सुबह जवाहरपुरा गांव के पास हुआ, जब तेज रफ्तार डंपर ने एक लोडिंग वाहन में सवार हो रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में प्रदुम्न, हेमलता, अरुण, राजकुमारी और गुड्डी की मौके पर ही मौत हो गई थी।
सरोज की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसका अंतिम संस्कार रात में किया गया। इसी दौरान मोहिनी की मौत की खबर आई, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
इस हादसे से जिलेवासियों में गहरा आक्रोश है। फूप कस्बे के लोगों ने मृतकों की याद में कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में अरविंद शर्मा दतावली, सुभाष शुक्ला, सुनील चौधरी, राजेश दुबे, योगेश शर्मा, आदित्य भदौरिया समेत कई लोग शामिल हुए। लोगों ने प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।