माउंट मॉन्गानुई (न्यूजीलैंड), 21 दिसंबर (वार्ता) कप्तान टॉम लेथम (101) और डेवन कॉन्वे (100) की शतकीय पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने रविवार को तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन वेस्टइंडीज को पहली पारी में 420 के स्कोर पर समेटने के बाद 155 की बड़ी बढ़त के साथ अपनी दूसरी पारी दो विकेट पर 306 के स्कोर पर घोषित कर दी। वेस्टइंडीज ने 462 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए स्टंप्स के समय बिना कोई विकेट खोए 43 रन बना लिये है और उसे अभी भी जीत के 419 रनों की आवश्यकता है।
आज यहां वेस्टइंडीज ने कल के छह विकेट पर 381 के स्कोर से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में वेस्टइंडीज का सातवां विकेट एंडरसन फिलीप (17) के रूप में गिरा। उन्हें जेकब डफी ने आउट किया। इसके बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे वेस्टइंडीज के निचले बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सके। हालांकि इस दौरान केवम हॉज एक छोर थामे खड़े रहे। डफी ने शाई होप (चार) को भी अपना शिकार बना लिया। जेडेन सील्स (15) रन बनाकर आउट हुये। 129वें ओवर की दूसरी गेंद पर माइकल रे ने केमार रोच (शून्य) को आउटकर वेस्टइंडीज की पहली पारी का 420 के स्कोर पर अंत कर दिया। न्यूजीलैंड के लिए जेकब डफी ने चार और एजाज पटेल ने तीन विकेट लिये। माइकल रे को दो विकेट मिले। डैरिल मिचेल ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों टॉम लेथम और डेवन कॉन्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 192 रनों की साझेदारी कर डाली। 40वें ओवर में न्यूजीलैंड का पहला विकेट डेवन कॉन्वे के रूप में गिरा। उन्होंने 139 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 100 रन बनाये। उन्हें केवम हॉज ने आउट किया। 48वें ओवर में हॉज ने कप्तान टॉम लेथम को भी शतक पूरा करने के साथ अपना शिकार बना लिया। टॉम लेथम ने 130 गेंदों में नौ चौके और दो छक्के लगाते हुए 101 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड ने 54 ओवर खेलने के बाद दो विकेट पर 306 के स्कोर पर अपनी पारी घोषित कर दी। उस समय केन विलियमसन (नाबाद 40) और रचिन रविंद्र (नाबाद 46) क्रीज पर मौजूद थे। इसी के साथ पहली पारी में बढ़त की बदौलत न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को 462 रनों का मुश्किल लक्ष्य दिया।
दिन का खेल समाप्त होने के समय वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट खोए 43 रन बना लिये है और उसके बाद अभी एक दिन का खेल शेष बचा है। जॉन कैंपबेल (नाबाद दो) और ब्रैंडन किंग (नाबाद 37) क्रीज पर मौजूद है।
