खाट पर सो रहा था युवक, आधी रात हमलावरों ने बरपाया कहर

रतलाम। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के खेरिया पाड़ा गांव में मंगलवार रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के बाहर खाट पर सो रहे युवक पर हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया। घटना के वक्त उसकी मासूम बेटी भी उसके पास ही सो रही थी। हमलावरों ने न केवल युवक को मौत के घाट उतार दिया, बल्कि उसके घर में आग लगाकर पूरे गांव में दहशत फैला दी। मृतक की पहचान मानसिंह मईड़ा (35) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि देर रात गांव के कुछ लोग पुरानी रंजिश के चलते उसके घर पहुंचे। पहले विवाद हुआ और फिर देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। परिजनों के अनुसार हमलावरों ने तलवार और कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियारों से मानसिंह पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके माता-पिता भी हमले में घायल हो गए। घटना के दौरान पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार गूंजती रही, लेकिन हमलावर नहीं रुके। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपितों ने घर में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। रात में अचानक हुई इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल मानसिंह को तत्काल मेडिकल कॉलेज रतलाम ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या, आगजनी, मारपीट और बलवा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।

Next Post

पहली ही बारिश में रेलवे अंडरपास बना तालाब, आवागमन बाधित,राहगीर परेशान

Wed Jun 10 , 2026
सौसर। 10 जून – बुधवार को हुई झमाझम बारिश ने रेलवे प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी। मानसून की पहली ही बारिश में शहर में स्थित रेलवे अंडरपास पूरी तरह जलमग्न हो गया। अंडरपास में कई फीट पानी भर जाने के कारण यहाँ से गुजरने वाले लोगों को […]

You May Like