जबलपुर: सिहोरा थाना अंतर्गत आजाद चौक में गुरूवार देर रात दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते ही दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। इस दौरान पुलिस ने अश्रू गैस के गोले छोडऩे के साथ भीड़ को तितर बितर करने लाठीचार्ज किया।सूत्रों के मुताबिक आजाद चौक मेेंं दो धार्मिक स्थल आमने सामने है। दो समुदाय के लोगों में पुराना विवाद भी चल रहा है। गुरूवार देर रात्रि दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। सूत्रों की माने तो दो पक्ष हथियारों से लैस थे। जिन्होंने एक दूसरे पर हमला करने के साथ पथराव कर दिया। बताया जाता है कि जब दो पक्षों के बीच चल रहा पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और देखते ही देखते इलाका जंग का मैदान बन गया। तनाव इतना बढ़ गया कि पथराव शुरू हो गया था।
आंसू गैस के छोड़े गोले, भीड़ को खदेड़ा
उपद्रवियों ने न केवल पत्थरबाजी की, बल्कि एक-दूसरे पर हमला करने की भी कोशिश की, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में कैद हो गए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सूत्रों की माने तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले चेतावनी दी, लेकिन जब स्थिति बेकाबू होने लगी तो पुलिस को आंसू गैस के गोले छोडऩे पड़े और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा।
इलाका बना छावनी
फिलहाल आजाद चौक में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस उपद्रवियों की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
