ब्यावरा। विकासखंड ब्यावरा में नवाचार अंतर्गत पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय शासकीय कॉलेज ग्र्राउण्ड पर किया गया.
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत राजगढ़ के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का संयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया गया.
प्रतियोगिता के अंतर्गत बालक वर्ग में कबड्डी एवं बालिका वर्ग में खो-खो खेल का आयोजन किया गया. जनपद क्षेत्र की 5 पंचायतों से चयनित टीमों ने सहभागिता की. खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पारंपरिक खेलों के प्रति अपने समर्पण और ऊर्जा का परिचय दिया. जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को प्रोत्साहित करने हेतु प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमश: 21 हजार, 11 हजार एवं 5 हजार की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी.
कार्यक्रम का शुभारंभ संभागीय खेल अधिकारी श्रीमती शर्मीला डाबर द्वारा किया गया. इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक राजकुमार प्रजापति, क्रीड़ा शिक्षक देवेंद्र सक्सेना, मुकेश शर्मा, सचिन शर्मा, इंद्रनारायण श्रीवास, राम भील, रामवीर, किशन बैरागी सहित खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे.
भारत की पारंपरिक खेल विधाएं हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है, इन खेलों के माध्यम से खिलाडिय़ों में शारीरिक सुदृढ़ता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास होता है. जनपद स्तर से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें जिला एवं राज्य स्तर तक मंच उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. इस आयोजन ने न केवल ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को अवसर प्रदान किया, बल्कि पारंपरिक खेलों के पुनर्जीवन की दिशा में एक सराहनीय पहल है.
