भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राहुल राज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने किसानों से किए अपने वादों को भुला दिया है, विशेष रूप से निरंतर बिजली आपूर्ति और फसलों की उचित सरकारी खरीदी के मामलों में।
राहुल राज ने कहा कि हकीकत यह है कि किसानों को दिन में नहीं बल्कि सिर्फ 5 से 7 घंटे बिजली मिल रही है, वह भी अधिकतर रात के समय,जिससे किसानों को कठिन परिस्थितियों में खेतों में काम करना पड़ता है। उन्होंने सवाल उठाया कि “यदि सरकार वास्तव में निरंतर बिजली दे रही है, तो दिन में बिजली क्यों नहीं मिल रही?”
कांग्रेस प्रवक्ता ने सरकार के उस आदेश की आलोचना की जिसमें कहा गया है कि किसानों को 10 घंटे से अधिक बिजली देने पर अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि सरकार किसानों के हितों से अधिक निजी बिजली कंपनियों और उद्योगपतियों के हितों की चिंता कर रही है।
राहुल राज ने आरोप लगाया कि फसल बीमा, खाद वितरण और नवरात्रि बोनस जैसी योजनाओं को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में कृषि के अनुकूल बुनियादी ढांचा तैयार नहीं कर सकी है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार द्वारा सोयाबीन की खरीदी में उदासीनता और मक्का व कपास उत्पादक किसानों की उपेक्षा से किसान संकट में हैं। उन्होंने किसानों के हितों की रक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।
