जबलपुर: संभागीय परिवहन विभाग के उड़नदस्ता दल ने सघन वाहन जांच अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित एक ट्रॉला पकड़कर बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि ट्रॉला पर फर्जी तरीके से पंजीयन नंबर बदला गया था। उड़नदस्ता टीम द्वारा की गई जांच में पाया गया कि ट्रैक्टर हेड (हॉर्स) का पंजीयन नंबर बीआर 24 जीडी 4834 था, जिसके दस्तावेज पूर्ण एवं वैध पाए गए। वहीं ट्रॉला पर एमएच 06 एक्यू 6710 नंबर अवैध रूप से चस्पा किया गया था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित ट्रॉला 15 वर्ष से अधिक पुराना है और उसके सभी आवश्यक दस्तावेज समाप्त हो चुके थे। चालक द्वारा पुराने और अनफिट ट्रॉला पर दूसरे वाहन का नंबर लगाकर अवैध रूप से संचालन किया जा रहा था।
दो अन्य वाहन भी जब्त
इसी अभियान के दौरान उड़नदस्ता दल ने दो अन्य वाहनों को भी जब्त किया। इन वाहनों के दस्तावेजों में गंभीर कमियां पाई गईं, जिसके चलते उन पर भी चालानी कार्रवाई की गई। उड़नदस्ता प्रभारी राजेंद्र साहू ने बताया कि परिवहन विभाग के अनुसार मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, फर्जी दस्तावेजों के उपयोग की पुष्टि होने पर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराएं भी लागू की जा सकती हैं।
