इंदौर: विजय नगर क्षेत्र में कल देर रात खूनी संघर्ष की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ऑर्बिट मॉल के पास वाइन शॉप के सामने एक दोस्त का विवाद सुलझाने पहुंचे बाउंसर युवक की चाकू और बीयर की टूटी बोतल मारकर हत्या कर दी गई। हमले में उसका एक अन्य साथी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है।
विजय नगर पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान गोलू पिता चेनसिंह चंद्रवंशी (29), निवासी गुलमोहर कॉलोनी के रूप में हुई है। गोलू पेशे से बाउंसर था और उसने हाल ही में पीयू-4 क्षेत्र में एक कैफे भी शुरू किया था। घटना बुधवार रात करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि गोलू के दोस्त करण का कुछ अज्ञात युवकों से विवाद हो रहा था। करण ने गोलू को मदद के लिए बुलाया था। जब गोलू अपने साथी हरिओम चंद्रवंशी (23) के साथ मौके पर पहुँचा और बीच-बचाव कर आरोपियों को गाली-गलौज करने से मना किया, तो हमलावर उन पर ही टूट पड़े।
चाकू और बीयर की बोतल से किया हमला
घायल हरिओम ने बताया कि आरोपी पहले से ही तैश में थे। जैसे ही उन्होंने हस्तक्षेप किया, आरोपियों ने चाकू और बीयर की खाली बोतल फोड़कर गोलू के पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हरिओम पर भी जानलेवा हमला किया गया। दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और शोर मचाने लगे। भीड़ जमा होते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। परिजन तुरंत गोलू को मेदांता अस्पताल ले गए, लेकिन घाव गहरे होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश, संदिग्ध हिरासत में
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें हमलावरों के भागने की दिशा और उनके हुलिए के सुराग मिले हैं। इस मामले में पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर कुछ संदिग्ध युवकों को उठाया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
मृतक गोलू अपने परिवार में माता-पिता और एक भाई का सहारा था। उसकी मौत की खबर से गुलमोहर कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान लगभग हो चुकी है और जल्द ही उनकी अधिकारिक गिरफ्तारी की जाएगी।
