
जबलपुर। सोमवार को निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने निगम मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण, पीएम स्वनिधि योजना, राजस्व वसूली और सीएम हेल्पलाइन जैसे जनहित से जुड़े प्रमुख विषयों पर संभागवार विस्तृत चर्चा की गई। निगमायुक्त ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि शहर के विकास और नागरिक सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं समीक्षा बैठक में बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने वाले 4 इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने निर्देश दिए हैं।
बैठक में आयुक्त ने निर्देश दिए कि सीएम हैल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण शिकायतकर्ता की वास्तविक संतुष्टि पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने शिकायतों को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निराकृत कराने पर जोर दिया।
बड़े बकायदारों पर होगी सख्ती
निगम की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के लिए आयुक्त ने राजस्व विभाग को सख्त लहजे में निर्देशित करते हुए कहा कि छोटे छोटे करदाताओं के साथ बड़े बकायदारों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्ती से वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
साथ ही बैठक में निगमायुक्त के द्वारा शहर को स्वच्छता की रैंकिंग में अव्वल लाने और छोटे व्यापारियों को पीएम स्वनिधि के माध्यम से आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए सभी विभागीय प्रमुखों को व्यवस्थित और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
