
उज्जैन. महाकुंभ की तैयारी जिस बड़े पैमाने पर की जा रही है ऐसे में निर्माण कार्य तो तीव्र गति से चल रहे हैं, वहीं अब दूसरी चिंता सताने लगी है कि लाखों गाड़ियां श्रद्धालुओं की आएंगी तो कहां पर पार्क की जएगी. ऐसे में अफसरों ने शुक्रवार को शहर के बाहरी क्षेत्र में जाकर संभावना तलाशी.
सिंहस्थ मेला अधिकारी एवं संभागायुक्त आशीष सिंह ने कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के साथ शुक्रवार दोपहर देवास-बदनावर फोरलेन मार्ग के समीप सिंहस्थ 2028 के लिए प्रस्तावित वाहन पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर उनका चिन्हांकन किया.
पार्किंग की कार्य योजनाबनाएं
परीक्षण के दौरान मेला अधिकारी आशीष सिंह ने निर्देश दिए कि पार्किंग स्थलों की कार्ययोजना इस प्रकार बनाई जाए जिससे मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित न हो. पार्किंग स्थलों को जोड़ने वाले मार्गों पर सुव्यवस्थित वाहन टर्निंग व्यवस्था एवं सर्विस लेन के चौड़ीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए. उन्होंने कहा कि पार्किंग से श्रद्धालुओं का निर्गम इस तरह सुनिश्चित किया जाए कि मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक अवरुद्ध न हो.
पार्किंग में एआई का उपयोग
श्री सिंह ने निर्देश दिए कि पार्किंग व्यवस्था में आधुनिक तकनीक एवं एआई का उपयोग कर श्रद्धालुओं को पार्किंग की रीयल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराई जाए. साथ ही पार्किंग स्थलों से घाटों तक श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए लोक परिवहन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
लेवल 1 और 2
निरीक्षण के दौरान लेवल-01 एवं लेवल-02 पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए. सिंहस्थ 2028 के दौरान लेवल-01 पार्किंग मेला क्षेत्र में रहेगी, जिसका उपयोग कम भीड़ वाले दिनों में किया जाएगा. वहीं लेवल-02 पार्किंग मेला क्षेत्र से 5 किलोमीटर से अधिक दूरी पर रहेगी, जिसका उपयोग अधिक भीड़ वाले दिनों में किया जाएगा. निरीक्षण के समय यूडीए के सीईओ संदीप सोनी, नायब तहसीलदार आलोक चौरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
