![]()
इंदौर. जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में हुई दो चार पहिया वाहन चोरी की वारदातों का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई में टाटा एस और आई-20 कार समेत करीब 10 लाख रुपये कीमत के वाहन बरामद किए हैं. चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आई-20 कार का पूर्व मालिक ही चोरी की साजिश में शामिल निकला.
थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि 31 जनवरी की रात पंजाब नेशनल बैंक के सामने गुलजार चौराहे से हनिफ खान की टाटा एस वाहन नम्बर एमपी 68 जे 5522 और मोरी वाले बाबा दरगाह के पास से मोहम्मद सोहेल खान की हुंडई आई-20 कार नम्बर एमपी 09 सीएस 0806 चोरी हो गई थी. दोनों मामलों में जूनी इंदौर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने करीब 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज के आधार पर टाटा एस वाहन सिमरोल बायग्राम मंदिर के पास से बरामद कर ली, जबकि आई-20 कार ग्राम बंजारी में रमीज राजा खान के गोदाम से मिली. पूछताछ में खुलासा हुआ कि रमीज राजा खान ही आई-20 कार का पूर्व मालिक था, जिसने करीब दो साल पहले वाहन बेच दिया था, लेकिन नामांतरण नहीं कराया था. इसी का फायदा उठाते हुए उसने मैकेनिक जाहिद हुसैन के गैराज से कार चोरी करवाई. जूनी इंदौर पुलिस ने दोनों चोरी गए वाहन बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनसे अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
