
इंदौर। मध्य प्रदेश पुलिस के लिए गर्व का पल तब आया, जब वर्ष 2025 के केंद्रीय गृहमंत्री ‘अति उत्कृष्ट’ और ‘उत्कृष्ट’ सेवा पदकों की घोषणा में इंदौर पुलिस के तीन अधिकारियों-कर्मचारियों के नाम शामिल हुए. कर्तव्यनिष्ठा, बेदाग सेवा और मैदानी पुलिसिंग में उत्कृष्ट योगदान के चलते एसीपी विजय चौधरी, आरआई दीपक कुमार पाटिल और प्रधान आरक्षक संतोष शर्मा को यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जाएगा.
गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची के मुताबिक वर्ष 2025 में प्रदेशभर से 123 पुलिसकर्मियों को ‘अति उत्कृष्ट सेवा पदक’ और 146 को ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ के लिए चयनित किया है. इसमें इंदौर के तीन नाम शामिल होना जिले की पुलिसिंग व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
