
इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र की कालिन्दी गोल्ड सिटी में एक अधिवक्ता को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपये वसूलने की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है. मामले में मुख्य भूमिका निभाने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताय कि पीड़ित अधिवक्ता के पास एक व्यक्ति अपनी पत्नी से चल रहे पारिवारिक विवाद के समाधान के लिए पहुंचा था. उसने पत्नी के कुछ आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर कानूनी सलाह मांगी थी. इसके बाद अधिवक्ता ने महिला को कार्यालय बुलाकर समझाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर वकील को ब्लैकमेल करने की योजना बना ली. महिला ने अधिवक्ता को झूठे केस में फंसाने और समाज में बदनाम करने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपये की मांग की. शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई कर महिला को दबोच लिया. पूछताछ में उसके दो साथी सागर और ओम विश्वकर्मा के नाम सामने आए हैं, जो फिलहाल फरार हैं. थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है और फरार साथियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
