राहुल गांधी की भ्रम वाली राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं जीतू पटवारी: सारंग

भोपाल। मंत्री विश्वास सारंग ने आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि वह सहयोग सेल के तहत मंत्रियों द्वारा जनसमस्याएं सुनने की नई व्यवस्था के अंतर्गत कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय में शुरू हुई इस पहल के जरिए मंत्रियों को सीधे जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने का अवसर मिल रहा है। आज उन्होंने स्वयं विभिन्न विषयों पर जानकारी लेकर यह सुनिश्चित किया कि प्राप्त समस्याओं का निराकरण पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए।

​कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी झूठ और फरेब की उसी पुरानी कार्यशैली को आगे बढ़ा रहे हैं, जो कांग्रेस की पहचान रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह कल संसद में राहुल गांधी ने बिना तथ्यों के बयान देकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया, उसी परंपरा का निर्वहन आज जीतू पटवारी ने प्रदेश में किया है। सारंग के अनुसार, कांग्रेस नेता केवल फोटो ऑपर्च्युनिटी और मीडिया अपीयरेंस के लिए असत्य बातें परोस रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुई अमेरिका के साथ ट्रेड डील की पूरी दुनिया सराहना कर रही है, जिससे भारत के लिए नए व्यापारिक अवसर खुलेंगे और देश शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। प्रधानमंत्री वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को लेकर निरंतर प्रयासरत हैं।

​प्रदेश की आर्थिक स्थिति और कर्ज के मुद्दे पर जीतू पटवारी के आरोपों को खारिज करते हुए सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पूर्ण आर्थिक अनुशासन का पालन कर रही है। फेडरल सिस्टम के नियमों के तहत राज्यों को अपनी GSDP के 3 प्रतिशत तक कर्ज लेने की पात्रता है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार इसका अक्षरशः पालन कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लिया गया कर्ज पूरी तरह से पूंजीगत व्यय के लिए उपयोग किया जा रहा है, जो अर्थशास्त्र की दृष्टि से विकास के लिए उचित है। कांग्रेस नेताओं को बिना तथ्यों के आरोप लगाने के बजाय अपने संगठन की आंतरिक कलह और नियुक्तियों की अव्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए।

​अंत में, शहीदों के अपमान के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश के बलिदानियों के सम्मान को ठेस पहुँचाई है। राहुल गांधी को देश के इतिहास और शहीदों के योगदान की समझ नहीं है। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के साथ किया गया व्यवहार अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि बिट्टू का परिवार देश की एकता और अखंडता के लिए बलिदान देने वाला परिवार है, और ऐसे परिवारों का अपमान करना पूरे देश का अपमान है। कांग्रेस की यह मानसिकता अब जनता के सामने उजागर हो चुकी है।

Next Post

खेल संघों की कमान गैर-खिलाड़ियों के हाथ क्यों? सुप्रीम कोर्ट ने उठाए प्रश्न

Wed Feb 4 , 2026
नई दिल्ली। खेल संस्थाओं के संचालन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख जताते हुए कहा कि खेल संगठनों की बागडोर ऐसे लोगों के हाथ में होनी चाहिए जिन्हें खेल की समझ और अनुभव हो। अदालत ने संकेत दिया कि क्रिकेट संघों में पूर्व और अनुभवी खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाई […]

You May Like