भौंरा। क्षेत्र में रविवार का दिन पूरी तरह धार्मिक आस्था और सेवा भाव को समर्पित रहा। विभिन्न स्थानों पर आयोजित रामायण पाठ और भंडारे के कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। शाहपुर आमढाना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल लमटी हनुमान मंदिर में भौंरा निवासी कृष्णकांत मालवीय द्वारा अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर रविवार को भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आसपास के ग्रामीणों ने सहभागिता कर प्रसादी ग्रहण की। इसी क्रम में नगर की मिश्रा कॉलोनी में शशिकांत मिश्रा द्वारा रामायण पाठ का आयोजन कर भंडारे का कार्यक्रम संपन्न कराया गया। इस अवसर पर भजन-पूजन के साथ श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय ग्रामीणों एवं नगरवासियों की उपस्थिति रही। वहीं दुबे परिवार द्वारा मां बिजासन दरबार में भी भंडारे का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से सहभागिता कर धर्म लाभ अर्जित किया। इन धार्मिक आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र में आपसी सद्भाव, सेवा और आस्था का संदेश प्रसारित हुआ। आयोजकों ने सहयोग एवं सहभागिता के लिए सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
