इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र के नंदबाग में हुई महिला की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया है कि वारदात लूट की नीयत से अंजाम दी गई थी. आरोपियों को जानकारी थी कि महिला ब्याज पर रुपए चलाने का काम करती है और घर में नकदी होने की संभावना है.थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताय कि नंदबाग निवासी गायत्री धीमान की हत्या तीन बदमाशों ने मिलकर की थी.
वारदात वाली रात तीनों आरोपी चोरी और लूट के इरादे से उनके घर में दाखिल हुए थे. इसी दौरान महिला की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया. आवाज बाहर न जाए, इसके लिए आरोपियों ने कमरे में लगे टीवी की आवाज तेज कर दी. इसके बाद महिला और आरोपियों के बीच हाथापाई हुई. जांच में खुलासा हुआ कि बदमाशों ने पहले महिला के हाथ बांधे और फिर गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी.
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए बाणगंगा पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कई संदिग्धों से पूछताछ की. इसी दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि पैसों के लालच में उन्होंने इस पूरी साजिश को अंजाम दिया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुमित मोरे और अमित मोरे बताए जा रहे हैं. पुलिस अब गिरोह के तीसरे फरार सदस्य की तलाश में जुटी है. साथ ही हत्या के बाद लूटे गए माल की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं.
