सतना: बुधवार को आयोजित नगर निगम सतना के सामान्य सम्मिलन की बैठक से भले ही विपक्ष नदारद रहा हो, लेकिन इसके बावजूद भी हंगामे में किसी तरह की कमी देखने को नहीं मिली. वार्ड के विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए निर्दलीय व सत्ता पक्ष के कुछ पार्षदों द्वारा तीखा विरोध जताया गया.पार्षद मीना माधव, मनीष टेकवानी और अर्चना गुप्ता के बीच तीखी नोकझोंक हुई, यहां तक कि पार्षद अर्चना ने गर्भगृह में धरना देने का प्रयास भी किया.
बैठक में हवाई अड्डा तिराहा, कोलगवां, कृपालपुर समेत कई स्थानों के नाम बदलने के प्रस्ताव पास किए गए. साथ ही संज्ञकार भारती संस्था को 80,000 का अनुदान स्वीकृत किया गया. अब हवाई अड्डा तिराहे का नाम सहस्त्रबाहु, कोलगवां की गली नंबर 1,2,3 का नाम स्व. लक्ष्मी यादव के नाम पर, कृपालपुर हरिजन बस्ती का नाम अंबेडकर नगर सेवा बस्ती, मैत्री पार्क के सामने से जाने वाले मार्ग को नेताजी दयानंद कुशवाहा के नाम पर, टिकुरिया टोला टंकी तिराहे का नाम महर्षि कश्यप के नाम पर और पुष्करणी पार्क का नाम आचार्य विद्यासागर के नाम पर होगा.
वहीं, पार्षद मनीष टेकवानी ने शहर के 72 पार्कों में बंद पड़ी लाइटों और नई लाइटों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की. महापौर योगेश ताम्रकार ने इस पर जांच समिति गठित करने की घोषणा की.पार्षद अभिषेक तिवारी ने बिरला विकास अस्पताल को आयुष्मान योजना में शामिल न किए जाने पर सवाल उठाया, जिसका महापौर ने समर्थन करते हुए प्रस्ताव भेजने की बात कही. संजीवनी क्लिनिकों की कार्यक्षमता पर भी सवाल उठे, लेकिन इस पर कोई जवाब नहीं मिला.
