
सतना: नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड के संयुक्त प्रयास से करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया आईएसबीटी यानी नया बस स्टैंड शुरू होते ही विवादों में घिर गया है। प्रशासनिक निरीक्षण, दिशा-निर्देश और बैठकों के बावजूद जमीनी हालात में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा है। शहर के मैहर बाईपास पर बने इस नए बस स्टैंड के संचालन से पहले ही अव्यवस्थाएं सामने आने लगी हैं, जिससे यात्रियों को राहत मिलने के बजाय परेशानी झेलनी पड़ रही है।
आईएसबीटी के नजदीक ओल्ड हाईवे पर स्थित कारगिल ढाबा के आसपास अघोषित बस स्टैंड बन चुका है। यहां दलालों की सक्रियता इस कदर बढ़ गई है कि नए बस स्टैंड पहुंचने वाले ऑटो चालकों को रास्ते में ही रोक लिया जाता है। यात्रियों को आईएसबीटी तक पहुंचाने के बजाय कारगिल ढाबा के पास ही उतार दिया जाता है और वहीं उनके गंतव्य को लेकर सौदेबाजी शुरू हो जाती है। दरअसल यह पूरा खेल मुख्य रूप से सूत्र सेवा के तहत चलने वाली सतना-रीवा इंटरसिटी बसों को लेकर हो रहा है।
सूत्र सेवा की बसों का संचालन आईएसबीटी से प्राइवेट बसों के साथ किया जा रहा है। सूत्र सेवा की बसें नॉन स्टॉप सतना से रीवा जाती हैं और इनका किराया पहले से तय है। दूसरी ओर प्राइवेट बस संचालक मनमाने ढंग से किराया वसूलते हैं। यही वजह है कि प्राइवेट बस संचालक सूत्र सेवा के संचालन से नाराज हैं और यात्रियों को बीच रास्ते में उतारकर अपने हिसाब से सवारी बांटने की कोशिश की जा रही है। हालांकि बुधवार को ही कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने मौके का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कई निर्देश दिए, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हो सका। अव्यवस्था, दलाली और यात्रियों से मनमानी वसूली का सिलसिला बदस्तूर जारी है।
किराए पर बनी सहमति
ऑटो चालकों के साथ नगर निगम में हुई बैठक
कलेक्टर के निरीक्षण के बाद गुरुवार को नगर निगम में ऑटो चालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर सत्यम मिश्रा ने की, जबकि ऑटो चालकों की ओर से संजय दुबे ने पक्ष रखा। बैठक में ऑटो किराया तय करने पर सहमति बनी, ताकि यात्रियों से हो रही बेजा वसूली पर रोक लगाई जा सके। सहमति के अनुसार ऑटो किराया आईएसबीटी से गहरा नाला तक एक सवारी के लिए 10 रुपये, आईएसबीटी से सेमरिया चौक तक 15 रुपये, आईएसबीटी से सर्किट हाउस तक 25 रुपये, आईएसबीटी से जिला अस्पताल, सिविल लाइन और रेलवे स्टेशन तक 30 रुपये, आईएसबीटी से कलेक्ट्रेट तक 40 रुपये। यही किराया इन गंतव्यों से आईएसबीटी आने के लिए भी लागू रहेगा
इनका कहना है
मेरे संज्ञान में ये मामला है, हम लगातार इस ओर प्रयास कर रहे हैं सतना का आईएसबीटी सुचारू ढंग से चले। मैं ट्रैफिक इंचार्ज को निर्देशित करता हूं कारगिल ढाबा के पास इस प्रकार के हालात पैदा न हो।
राहुल सिलाडिया
एमडीएम सतना सिटी
