बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार: अशोकनगर में प्रदर्शन, इस्लामिक कट्टरता का पुतला दहन

अशोकनगर। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के विरुद्ध लगातार बढ़ती हिंसा, नरसंहार और अत्याचार की घटनाओं के विरोध में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा आज शाम गांधी पार्क में जोरदार विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं हिंदू समाज के लोग एकत्रित हुए और इस्लामिक कट्टरता का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।

राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। वहां हिंदू समाज के लोगों पर हिंसा, लूटपाट, महिलाओं के साथ अत्याचार, मंदिरों के विध्वंस और जबरन पलायन जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो मानवता को शर्मसार करने वाली हैं। वक्ताओं ने हाल ही में घटित एक अमानवीय घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि दीपु नामक एक हिंदू युवक, जो गारमेंट फैक्ट्री में कार्यरत था और किराए के मकान में रहता था, को पैगंबर मोहम्मद के अपमान के झूठे आरोप में कट्टरपंथी भीड़ ने बेरहमी से पीटा। आरोप है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को पेड़ से बांधकर जला दिया गया।

इस घटना से पूरे हिंदू समाज में गहरा आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार पर अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि वहां की सरकार की उदासीनता के कारण कट्टरपंथियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। संगठन ने भारत सरकार एवं अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मांग की कि वे बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए ठोस और कठोर कदम उठाएं।

इस अवसर पर विभाग अध्यक्ष राजेन्द्र नामदेव, जिला अध्यक्ष संतोष रजक, अभिषेक मोहरी, नगर अध्यक्ष दुष्यंत परिहार, रवि बंशकार,हरिभजन प्रजापति, अप्पू सोनी, गोलू धाकड़, मनोज प्रजापति, भाईयों शर्मा, गुड्डू भैया, प्रेम सिंह जादौन, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Post

रात का पारा भी लुढक़ा, कोहरे की आगोश में शहर, शीतलहर

Mon Dec 22 , 2025
जबलपुर। शहर कोहरा और शीतलहर की चपेट में है। सोमवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। शहर कोहरा की आगोश में होने के साथ शीतलहर भी चली। जिसके चलते लोगों की कंपकंपी छूटी। देरी से सूर्यदेव ने दर्शन दिए। दिनभर गुपगुनी धूप लोगों को भाती रही। हालांकि ठंडी का […]

You May Like