
जबलपुर। शहर कोहरा और शीतलहर की चपेट में है। सोमवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। शहर कोहरा की आगोश में होने के साथ शीतलहर भी चली। जिसके चलते लोगों की कंपकंपी छूटी। देरी से सूर्यदेव ने दर्शन दिए। दिनभर गुपगुनी धूप लोगों को भाती रही। हालांकि ठंडी का असर ऐसा रहा कि लोग सुबह से गरम कपड़े लादकर निकले। रात के पारे में भी अब गिरावट देखी जाने लगी है। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को अधिकतम तापमान लुढक़र 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 95 और शाम को 70 प्रशित दर्ज की गई। उत्तरी हवाएं दो से तीन किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मौसम विभाग की माने तो मंगलवार को कहीं कहीं कोहरा रहने की संभावना है। एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडलीय पश्चिमी पवन प्रवाह के स्तरों में एक द्रोणिका (ट्रफ) के रूप में स्थित है, जिसकी धुरी माध्य समुद्र तल से लगभग 5.8 किमी की ऊँचाई पर स्थित है। उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 140 नॉट्स की कोर हवाओं के साथ नॉर्थवेस्ट इंडिया में बनी हुई है।
