
टीकमगढ़। नगर पालिका में दुकानों का किराया बढ़ाने के प्रस्ताव के विरोध में मंगलवार को दुकानदारों और भाजपा पार्षदों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने शहर में रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर अध्यक्ष तथा सीएमओ के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर कियाया वृद्धि प्रस्ताव को सात दिन के भीतर निरस्त करने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से दुकानदारों ने बताया कि वे किरायानामा अनुबंध के अनुसार दुकान का किराया नियमित रूप से अदा करते आ रहे हैं। उन्हें हाल ही में जानकारी मिली है कि नगर पालिका परिषद ने 23 दिसंबर को हुई बैठक में एक पांच सदस्यीय समिति (अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और तीन पार्षद) बनाकर दुकानों का किराया बाजार मूल्य के अनुसार निर्धारित करने का प्रस्ताव पारित किया है।
दुकानदारों के अनुसार, यह प्रस्ताव अनुचित है क्योंकि नगर पालिका परिषद ने सभी नियमों की अनदेखी करते हुए किराये की राशि में 20 गुना से अधिक की वृद्धि का प्रस्ताव रखा
है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किराये में की गई एकतरफा और नियमविरुद्ध बढ़ोतरी वापस नहीं ली जाती है, तो सभी व्यापारी एकजुट होकर कानूनी कार्रवाई करने को विवश होंगे।
