खालिदा जिया के निधन से बंगलादेश ने एक अनुभवी और संरक्षक राजनेता खो दिया: यूनुस

ढाका, 30 दिसंबर (वार्ता) बंगलादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने देश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके निधन से “देश ने एक अनुभवी और संरक्षक राजनेत्री को खो दिया है।”

श्री यूनुस ने सुश्री जिया के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, “अपने अडिग नेतृत्व के माध्यम से उन्होंने देश को बार-बार अलोकतांत्रिक परिस्थितियों से मुक्त कराया।”

बंगलादेश सरकार के मुख्य सलाहकार ने पूर्व प्रधानमंत्री जिया के समग्र योगदान पर कहा, “बेगम खालिदा जिया केवल किसी राजनीतिक दल की नेता नहीं थीं। वह बंगलादेश के इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय का प्रतिनिधित्व करती थीं। लोकतंत्र की स्थापना, बहुदलीय राजनीतिक संस्कृति और जनता के अधिकारों के लिए उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद राष्ट्रीय कल्याण को समर्पित उनकी लंबी राजनीतिक यात्रा, जनता-केंद्रित नेतृत्व और उनका दृढ़ संकल्प हमेशा मार्गदर्शक रहा।”

श्री यूनुस ने उन्हें बंगलादेश की एक महान संरक्षक बताया और यह भी कहा , “देश और जनता के प्रति उनके योगदान को राष्ट्र सम्मान के साथ याद रखेगा।”

इस तरह की रिपोर्टें हैं कि श्रीमती जिया का अंतिम संस्कार (नमाज़-ए-जनाज़ा) बुधवार को राजधानी ढाका के माणिक मिया एवेन्यू पर किया जा सकता है।

बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की स्थायी समिति के सदस्य सलाहुद्दीन अहमद ने प्रोथोम आलो के हवाले से कहा, “खालिदा जिया की नमाज़-ए-जनाज़ा बुधवार को राजधानी के माणिक मिया एवेन्यू पर हो सकती है।”

बीएनपी की अध्यक्ष खालिदा जिया का मंगलवार सुबह छह बजे ढाका के एवरकेयर अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले पांच सप्ताह से वहीं इलाज करा रही थीं। वह 80 वर्ष थी। सुश्री जिया पिछले तीन दशकों से अधिक समय तक देश की प्रभावशाली शख्सियत रही थीं।

ब्रिटेन में स्व-निर्वासित जीवन बिता रहे उनके बेटे तारिक रहमान, आगामी चुनावों में हिस्सा लेने और मां के अंतिम समय में उनके पास रहने के लिए क्रिसमस पर स्वदेश लौटे थे।

बीएनपी अधिकारियों के अनुसार श्रीमती जिया को 23 नवंबर को दिल और फेफड़ों में गंभीर संक्रमण होने के कारण एवरकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह निमोनिया से भी पीड़ित थीं और हाल के दिनों में उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी।

बीएनपी ने एक बयान में कहा, “बीएनपी अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया का आज सुबह 6:00 बजे, फज्र की नमाज़ के तुरंत बाद निधन हो गया।”

उनके निधन के साथ बंगलादेश की राजनीति के एक युग का अंत हो गया है और इसके व्यापक राजनीतिक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि वरिष्ठ नेता के निधन के बाद जनता की सहानुभूति बढ़ने से बीएनपी की चुनाव में संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं। खालिदा जिया बंगलादेश के स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व सैन्य शासक जनरल जियाउर रहमान की पत्नी थीं।

वह बंगलादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री रहीं। वह 1991 में बीएनपी को जीत दिलाकर सत्ता में आई थीं। उन्होंने तीन बार प्रधानमंत्री पद संभाला और देश के राजनीतिक इतिहास के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शुमार रहीं।

वर्ष 2018 में शेख हसीना सरकार के दौरान उन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में जेल भेजा गया था। पिछले वर्ष व्यापक सरकार-विरोधी प्रदर्शनों के बाद पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को निर्वासन में जाना पड़ा और देश छोड़ने के बाद श्रीमती जिया को जेल से रिहा किया गया था।

बंगलादेश में आगामी चुनाव में बीएनपी सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है और पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि पार्टी चुनाव जीतती है, तो खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान से राष्ट्रीय नेतृत्व संभालने की उम्मीद प्रबल हैं।

Next Post

नव वर्ष की तैयारी में जुटा शहर, टाइगर सफारी और पर्यटन स्थलो पर उमड़ेगी भीड़

Tue Dec 30 , 2025
मुकुंदपुर जू प्रबंधन ने की विशेष तैयारियां, रेस्टोरेंट-होटलो में चल रही तैयारी, सुबह देवालयों में लगेगी भीड़ रीवा। नववर्ष 2026 के आगमन और वर्ष 2025 की विदाई में कुछ ही घंटो का इंतजार शेष है. इस बार नववर्ष के स्वागत और जश्न को लेकर सभी जगह तैयारी च रही है. […]

You May Like