जबलपुर: ग्रीष्मकालीन फसल मूंग- उड़द का उपार्जन का शुक्रवार अंतिम दिन था। जिसमें 130 किसानों से खरीदी की गई। कृषि उपसंचालक डॉ. एस के निगम से मिली जानकारी के अनुसार 8 अगस्त खरीदी के अंतिम दिन 106 किसानों से 2268 क्विंटल मूंग एवं 24 किसानों से 691 क्विंटल उड़द की खरीदी की गई।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा जिले में ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द का उपार्जन 7 जुलाई से 8 अगस्त तक किया जाना है। जिसके लिए जिले में 12 केंद्र स्थापित किए हैं। इसके अलावा समर्थन मूल्य पर फसल बेचने के लिए जिले के 24 हजार 563 किसानों ने पंजीयन कराया था।
5526 किसानों से 1 लाख 13 हजार क्विंटल उपार्जन
देर से शुरू होने के बावजूद भी मूंग और उड़द का उपार्जन अच्छी रफ्तार से हुआ। कृषि उपसंचालक डॉ एसके निगम से मिली जानकारी के अनुसार 8 अगस्त तक 5526 किसानों ने 1 लाख 13 हजार 919 क्विंटल फसल समर्थन मूल्य पर बेची है। जिसमें 4279 किसानों ने 85488 क्विंटल मूंग और 1247 किसानों ने 28431 क्विंटल उड़द समर्थन मूल्य पर बेची है।
