इंदौर:सांवेर बायपास पर एक यात्री बस नाले में उतरकर पलट गई. बस में करीब 25 यात्री सवार थे. हादसे में बच्चा समेत पांच यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. गनीमत यह रही कि नाले में पानी ज्यादा नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया.उज्जैन ओंकारेश्वर के बीच चलने वाली यात्री बस नम्बर एमएच 20 डीडी 0565 सुबह करीब 4.30 बजे सांवेर बायपास के समीप बिंजालिया वेयरहाउस के पास हादसे का शिकार हो गई.
बताया जा रहा है कि सुबह के समय घना कोहरा होने के कारण बस चालक को सामने का रास्ता साफ नजर नहीं आया और बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरते हुए नाले में जा गिरी, जहां पलटी खा गई. बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे. हादसे के बाद यात्रियों में अफरा तफरी मच गई. कुछ यात्री बस के पलटते ही बाहर निकल गए, जबकि कुछ नाले में फंस गए थे. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए यात्रियों को बाहर निकाला.
हादसे में पांच यात्रियों के घायल होने की बात सामने आई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घायल लखन नायक, मुकेश तोमर और ओमप्रकाश मकवाना को सांवेर के सिविल अस्पताल भेजा गया, जबकि दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल रेफर किया है. सांवेर थाना प्रभारी विजयशंकर महोबिया का कहना है कि बस दुर्घटना की सूचना मिली थी, घायलों को सीधे अस्पताल भेजा है, पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस पलटने के कारणों की पड़ताल की जा रही है
